बस्तर
जगदलपुर, 29 मई। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरागुड़ा मौलीपदर में आये आंधी-तूफान के चलते एक घर में आकाशीय बिजली गिरने से महिला घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डायल 112 के कर्मचारियों ने बताया कि ग्राम जोंधरागुड़ा मौलीपदर में रहने वाली महिला आसो नाग (55 वर्ष)गुरुवार की रात को अपने घर पर बैठी हुई थी कि बादल की गडग़ड़ाहट के साथ घर में आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे महिला उसके संपर्क में आ गई और वह बेहोश हो गई।
आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसमें बताया कि आकाशीय बिजली के चलते बेहोश हो गई। बेहोश अवस्था में पुलिस जवानों ने महिला को उठाने की कोशिश की। घर पर महिला कुछ बोल भी नहीं पा रही थी। जवानों के प्रयास के बाद में महिला को थोड़ा होश आने पर हाथ-पैर में झुनझुनी महसूस होने की बात कही। पीडि़ता को तत्काल 112 वाहन में उसके परिजनों के साथ बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल ले जाकर भर्ती किया गया।


