बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 मई। दरभा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चितापुर-2 के बुडग़ीभाटा में आयोजित पारंपरिक मावली माता मड़ई मेला में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक ने ग्रामीणों की सुविधा एवं पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए पानी टैंकर का वितरण किया।
मड़ई मेला में विधायक विनायक गोयल ने मावली माता के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मड़ई मेला हमारी आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोडऩे और हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। पानी टैंकर वितरण से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी और गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या का समाधान होगा।
मड़ई मेला के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पारंपरिक लोक नृत्यों ने लोगों का मन मोह लिया। ग्रामीणों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। विधायक विनायक गोयल ने कहा कि क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष सोमारू राम कश्यप, मिटकु राम बघेल, शिव सुयवशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।


