बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 मई। पुलिस ने नक्सलियों के 2 डंप को बरामद करते हुए उसमें छुपाये सामानों को बरामद किया है।
जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम के संयुक्त बल द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद करने में सफलता मिली। जिसमें 22 मई को थाना कोयलीबेड़ा एवं जिला कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र के ग्राम पल्लाहूर एवं जपमरका के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सल विरोधी सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा संदिग्ध स्थानों की तलाशी लेने पर जंगल क्षेत्र में एक नक्सल डम्प बरामद किया गया। इसमें पुलिस को कंट्रीमेड बीजीएल लांचर 1 नग, बीजीएल सेल 25 नग, इम्प्रोवाइज्ड फायर कार्टिज 4 नग, एके-47 का खाली कार्टिज 1 नग, एसएलआर का खाली कार्टिज 1 नग, गन पाउडर 5 किलोग्राम, बड़ा सुतली बम 10 नग, नक्सली वर्दी 3 नग, सोलर चार्जर 1 नग, वायर 50 फीट, मेडिकल किट एवं अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री को बरामद किया गया।
वही दूसरी कार्रवाई थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में की गई। जहां 23 मई को थाना छोटेबेठिया जिला कांकेर एवं नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र के ग्राम मरकाबेड़ा, आदनार एवं एलूर के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सर्चिंग शुरू किया गया। इस दौरान 12 बोर रायफल 3 नग, बीजीएल लांचर 1 नग, बीजीएल सेल 6 नग, बारूद 100 ग्राम, पोच 1 नग, नक्सली वर्दी 1 नग, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 800 नग, नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 200 नग बरामद किया गया।