बस्तर

अमित शाह से मुलाक़ात के लिए समय मांगा सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने
17-May-2026 12:03 AM
अमित शाह से मुलाक़ात के लिए समय मांगा सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 16 मई। सर्व पिछड़ा वर्ग समाज बस्तर संभाग ने शासन, प्रशासन से मिलकर आगामी दिनों में होने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास पर भेंट मुलाक़ात हेतु प्रोटोकॉल के तहत समय देने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार से केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय बस्तर प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के संभागीय अध्यक्ष तरुण सिंह धाकड़ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पिछड़ा वर्ग की मांगों के सम्बन्ध में प्रोटोकाल के तहत मुलाक़ात कर चर्चा करना चाहता है।

 इसी क्रम में शुक्रवार को सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने बस्तर कलेक्टर, एसपी बस्तर, एसडीएम जगदलपुर, विधायक और बीजेपी प्रदेशध्यक्ष किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे से मिलकर केंद्रीय मंत्री से मिलने हेतु समय प्रदान करने की मांग की है।

पिछड़ा वर्ग समाज ने बताया कि लंबे समय से पिछड़ा वर्ग की प्रमुख मांगों को लेकर शासन एवं प्रशासन के द्वारा अनदेखी की जाती रही है, जिससे ओबीसी समाज आक्रोशित है। ओबीसी को छग में 27 प्रतिशत आरक्षण देने, अनुसूचित क्षेत्र में ओबीसी की भागीदारी पेशा क़ानून में शामिल करने, जनगणना 2027 में ओबीसी की जातियों के लिए अलग कोड निर्धारित करने, छत्तीसगढ़ी को भाषा का दर्जा देने तथा स्थानीय भर्ती में ओबीसी संवर्ग की अनदेखी करने संबंधित विषयों को लेकर मंत्री से चर्चा करना चाहता है। परन्तु अभी तक गृह मंत्री से मिलने हेतु समय देने के सम्बन्ध में कोई सकारात्मक जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।


अन्य पोस्ट