बस्तर

पखनाचुआ में पेयजल व्यवस्था बेहतर
16-May-2026 4:23 PM
 पखनाचुआ में पेयजल व्यवस्था बेहतर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 16 मई। जिला प्रशासन द्वारा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को विशेष तवज्जो दी जा रही है। जिससे नगरिकों को स्वच्छ पेयजल सुलभ हो सके।

विकासखंड कटेकल्याण अंतर्गत ग्राम पखनाचुआ में कुछ हैंडपंपों में तकनीकी खामी आई थी। उक्त खामी की शिकायत पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तकनीकी गड़बड़ी दूर करने के निर्देश दिए गए। विभागीय टेक्नीशियन एवं हेल्पर दल को तत्काल ग्राम पखनाचुआ भेजा गया। इस दौरान टीम द्वारा गांव में स्थापित सभी 6 हैंडपंपों का भौतिक परीक्षण किया गया।

 निरीक्षण में पाया गया कि गांव के 6 हैंडपंपों में से 2 हैंडपंप लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, 3 हैंडपंप ग्राम पंचायत तथा 1 हैंडपंप एनएमडीसी के अंतर्गत संचालित हैं। इनमें से 2 हैंडपंप पहले से ही चालू स्थिति में थे। वहीं 2 हैंडपंपों में पाइप लीकेज के कारण पानी विलंब से निकल रहा था। वहीं  2 अन्य हैंडपंपों में जलस्तर नीचे चले जाने से पानी नहीं निकल रहा था।इस समस्या से 10 घर ग्रसित थे।

 विभागीय टीम द्वारा तत्काल संधारण कार्य करते हुए पाइप संख्या बढ़ाई गई एवं सभी प्रभावित हैंडपंपों को पुन: चालू किया गया। वर्तमान में गांव के सभी 6 हैंडपंपों से नियमित रूप से पानी उपलब्ध हो रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्रामीणों से पेयजल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छ उपयोग एवं नियमित देखरेख में सहयोग करने की अपील की है। 


अन्य पोस्ट