बस्तर

सुशासन तिहार : विकास कार्यों का भूमिपूजन
08-May-2026 9:25 PM
सुशासन तिहार :  विकास कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 8 मई। ग्राम पंचायत डोडरेपाल में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाले 741.19 लाख रुपए के विभिन्न निर्माण एवं जनकल्याणकारी कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेश  कश्यप  एवं विधायक विनायक  गोयल  शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविर में 15 गांवों के ग्रामीणों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। साथ ही शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं को सीधे पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधों का वितरण तथा पात्र परिवारों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल को जनहितकारी बताते हुए सराहना की।

इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। मावलीभाटा से पटेलपारा डोडरेपाल तक 3.42 किलोमीटर सडक़ निर्माण कार्य के लिए 342.97 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं डिलमिली से पटेलपारा डिलमिली तक 3.35 किलोमीटर सडक़ निर्माण कार्य 380.22 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा। इन सडक़ निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा माहरा पारा नरसु घर एवं खोदरा गुड़ा में आरसीसी पुलिया निर्माण के लिए 7 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत दंतेश्वरी मंदिर के पास 2 मीटर स्पाम पुलिया निर्माण हेतु 6 लाख रुपए तथा विधायक निधि से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सडक़, पुलिया एवं सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है।

वहीं विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। शिविरों के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जिला पंचायत सदस्य सम्पत्ति नाग, जनपद अध्यक्ष मानकदेई कश्यप, उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप, रितेश दास जोशी, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद वेंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट