बस्तर

सडक़ हादसे में 2 एमबीबीएस विद्यार्थी जख्मी
05-May-2026 3:08 PM
सडक़ हादसे में 2 एमबीबीएस विद्यार्थी जख्मी

दोस्तों के साथ तिरिया गए थे घूमने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 5 मई। मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के प्रथम वर्ष के कुछ विद्यार्थी रविवार की सुबह घूमने के लिए तिरिया गए हुए थे। जहां से वापस लौटने के दौरान अचानक छात्र का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक ट्रक से जा टकराया। इस हादसे में बाइक के पीछे बैठी छात्रा दूर जा गिरी, जबकि छात्र ट्रक से जा टकराया। इस घटना में छात्र को गंभीर चोट आई। जिसे मेकाज में भर्ती किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एमबीबीएस छात्रों ने बताया कि रविवार को कुछ छात्रों ने घूमने जाने का प्लान बनाया था। उसके बाद सभी अपने बाइक में  सवार होकर सुबह के समय तिरिया के लिए निकल गए। तिरिया जाने के बाद वापस सभी छात्र अपने अपने बाइक में वापस जगदलपुर के लिए निकल गए। लेकिन आधे रास्ते पहुँचने के दौरान अचानक से आधी तूफान शुरू हो गया। वहीं सडक़ किनारे खड़े ट्रकों के खड़े होने के कारण छात्र को दिखाई नहीं दिया और ट्रक से जा टकराया। इस घटना में बाइक में पीछे बैठी छात्रा दूर जा गिरी और छात्र ट्रक से जा टकराया। इस घटना में छात्र के सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई।  अन्य साथियों ने एम्बुलेंस की मदद से पहले घायलों को महारानी अस्पताल ले गए उसके बाद सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल लाया गया। काफी देर तक चले उपचार के बाद छात्र को देर रात मेकाज में भर्ती किया गया है। वहीं छात्रा की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी गई। जहाँ देर रात ही परिजन आ पहुँचे।

ज्ञात हो कि अधिकतर सडक़ हादसों की वजह सडक़ किनारे खड़े ट्रक होते हैं। साथ गए विद्यार्थियों का कहना था कि ट्रक चालक अपनी वाहनों को सडक़ में खड़ा कर देते है। जिसकी वजह से हादसे होते है। इसका ताजा उदाहरण है कि कुछ माह पहले परपा थाना के आगे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 2 एमबीबीएस विद्यार्थियों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कुछ माह तक सडक़ों पर खड़े होने ट्रकों को हटाया तो गया।

 लेकिन स्थिति फिर वैसे ही बन गई है।


अन्य पोस्ट