बस्तर
जगदलपुर, 4 मई। बस्तर जिले की शिक्षिका एवं समाजसेवी दीपा मांझी को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। उन्हें रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृन्दावन हॉल में 29 अप्रैल को आयोजित एक गरिमामय समारोह में सावित्री बाई फुले अवॉर्ड से नवाजा गया।
श्रीमती दीपा मांझी वर्तमान में बस्तर विकासखंड के कुडकानार में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, बल्कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, शैक्षणिक नवाचारों को अपनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। उनके द्वारा किए गए कार्यों में नई शिक्षण पद्धतियों का उपयोग, छात्र-छात्राओं में जागरूकता बढ़ाना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है, जिसने उन्हें इस सम्मान का पात्र बनाया।
दीपा मांझी की इस उपलब्धि से उनके विद्यालय सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
उनके सम्मान ने अन्य शिक्षकों और समाजसेवियों को भी प्रेरित किया है कि वे शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करें।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती दीपा मांझी, सेवा निवृत्त कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग एस.एस. मांझी की धर्मपत्नी हैं।


