बस्तर

पीएचसी बचेली को एनक्यूएएस प्रमाण पत्र
03-May-2026 10:26 PM
पीएचसी बचेली को एनक्यूएएस प्रमाण पत्र

दंतेवाड़ा, 3 मई। दंतेवाड़ा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचेली राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा बचेली अस्पताल को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है।

 कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि जिले में एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए विशेष तैयारी के साथ कार्य किया जा रहा है। अब तक जिले के 20 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका है। आने वाले समय में 40 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों को एनक्यूएएस मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है।

इस दिशा में नोडल अधिकारी प्रतीक सोनी एवं जिला गुणवत्ता सलाहकार अंकित सिंह के मार्गदर्शन में बेहतर तैयारी की जा रही है। इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला गुणवत्ता प्रकोष्ठ, दंतेवाड़ा विकासखंड की टीम, खंड चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचेली, संभागीय गुणवत्ता सलाहकार सहित तकनीकी सहयोग प्रदान करने वाले विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) एवं यूनिसेफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी है।


अन्य पोस्ट