बस्तर
30 सोने के नोज पिन बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 2 मई। बस्तर पुलिस ने संजय मार्केट स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 30 नग सोने के नोज पिन भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को संजय मार्केट स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया।
फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान सुनीता उर्फ पूजा कश्यप (33 वर्ष) निवासी शांतिनगर जगदलपुर के रूप में हुई, जो मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली है।
पुलिस ने आरोपी को शांतिनगर क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी के बताए अनुसार उसके घर से पलंग के गद्दे के नीचे छिपाकर रखे गए 30 सोने के नोज पिन बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने विधिवत जब्ती कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


