बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 मई। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को अवैध नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना कोतवाली क्षेत्र में की गई।
पुलिस को 29 अप्रैल की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति दलपत सागर सुलभ के पास मोटरसाइकिल में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बबलू कश्यप और मिथलेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से ट्रामोडोल की 114 कैप्सूल (कुल 9 पत्ते) बरामद की गईं, जिनका कुल वजन लगभग 23.02 ग्राम और बाजार मूल्य करीब 45,600 रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नडीपीएस एक्ट की धारा 21.क्च के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई। बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


