बस्तर
3 पहले गिरफ्तार हो चुके हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 मई। बस्तर जिले के कोडेनार थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपी को भी बाद में पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना 22 अप्रैल को बड़े आरापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई। समारोह में डीजे की धुन पर नाचते समय मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दुगनपाल निवासी देवेन्द्र बघेल, संतोष बघेल, अमन कुमार उर्फ अमल तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने मिलकर सागर नाग, प्रियांशु कुर्रे और फुलसिंग बघेल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में सागर नाग के पसली में, प्रियांशु कुर्रे के हाथ की कलाई में और फुलसिंग बघेल के पसली में गंभीर चोटें आईं।
घटना की रिपोर्ट पर थाना कोडेनार में अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 296, 118(1), 109, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई।
संतोष बघेल और अमन कुमार को 25 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। वहीं फरार आरोपी देवेन्द्र बघेल को 1 मई को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से एक स्टील का चाकू, लोहे का काती (मुर्गा बांधने वाला) और स्टील का कड़ा बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


