बस्तर

बच्चा चोरी के शक पर फेरी वालों से मारपीट, कई हिरासत में
29-Apr-2026 10:41 PM
बच्चा चोरी के शक पर फेरी वालों से मारपीट, कई हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 29 अप्रैल। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के बाजारपारा में बीती रात बच्चा चोरी के शक में कुछ ग्रामीणों द्वारा फेरी वालों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और संबंधित लोगों को अपने साथ थाने ले गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के सीहोर क्षेत्र के निवासी कुछ लोग फेरी का सामान बेचने के लिए दो दिन पहले लोहंडीगुड़ा आए थे और एक किराये के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि घटना की रात उनके घर के बाहर कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान फेरी वालों के साथ आए कुत्ते के भौंकने पर कुछ बच्चे वहाँ से चले गए, जबकि एक बच्चा वहीं रुका रहा।

फेरी वालों द्वारा बच्चे को वहाँ से जाने के लिए कहने के दौरान, बच्चे की एक रिश्तेदार ने उन्हें बच्चे के साथ देखा। इसके बाद उन्होंने बच्चा चोरी की आशंका जताई और यह बात आसपास फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सूचना के फैलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और कुछ लोगों ने फेरी वालों के साथ मारपीट की। स्थिति को देखते हुए फेरी वाले घर के अंदर चले गए और दरवाजा बंद कर लिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची, घर खुलवाया और फेरी वालों को सुरक्षा के मद्देनजर थाने ले गई।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बच्चा चोरी की बात एक अफवाह थी।

पुलिस ने मामले में संबंधित लोगों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट