बस्तर
9 गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क सोनोग्राफी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 26 अप्रैल। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत शनिवार को कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक के मार्गदर्शन में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कुम्हारपारा में एक वृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुगम बनाते हुए कुल 156 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। अभियान की प्रभावशीलता को बढ़ाते हुए टीबी की शीघ्र पहचान हेतु टीबी वल्नरेबल पॉपुलेशन के 86 लोगों की मौके पर ही आधुनिक पोर्टेबल एक्सरे मशीन के माध्यम से जांच की गई, जो इस शिविर की एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि रही।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को जारी रखते हुए शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा विभिन्न रोगों का गहन उपचार किया गया। जहाँ एक ओर अस्थि रोग से पीडि़त 20 मरीजों को फिजियोथेरेपी के माध्यम से राहत प्रदान की गई, वहीं दूसरी ओर 40 मरीजों का ओरल स्क्रीनिंग के साथ-साथ डेंटल चेकअप भी संपन्न हुआ।
नेत्र रोग टीम ने भी 33 मरीजों की आंखों का परीक्षण किया, जिसमें मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए 6 मरीजों को समुचित उपचार और सर्जरी हेतु जिला अस्पताल रेफर किया गया। त्वरित सेवा के संकल्प के साथ 70 मरीजों की नि:शुल्क लैब जांच की गई और उन्हें तत्काल रिपोर्ट भी मुहैया कराई गई, ताकि उपचार में विलंब न हो।
अभियान के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत गीदम रोड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 9 उच्च जोखिम वाली के गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क सोनोग्राफी कराई गई। इस महत्वपूर्ण सुविधा के माध्यम से जटिल गर्भधारण वाली महिलाओं की सुरक्षित प्रसव हेतु आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त शिविर स्थल पर भी 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं इलाज प्रदान किया गया।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. गोपेश, डॉ. मोमिता, डॉ. तृषा एवं डॉ. रेखा के साथ-साथ नेत्र विभाग की टीम, शहरी स्वास्थ्य मितानिनों, मितानिन प्रशिक्षकों एवं पूरी शहरी स्वास्थ्य टीम का विशेष योगदान रहा। शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक पी. डी. बस्तिया के बेहतर समन्वय और टीम की कड़ी मेहनत ने इस शिविर को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।


