बस्तर
जगदलपुर, 25 अप्रैल। शहर की रीता जोशी पाणिग्राही को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.) की उपाधि प्रदान की गई है। यह उपाधि डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, कोटा बिलासपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा दी गई है। इस उपलब्धि से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के एम.फिल./पीएच.डी. डिग्री प्रदान करने के न्यूनतम मानक एवं प्रक्रिया, विनियम 2016 के तहत उनके शोध प्रबंध का मूल्यांकन किया गया। परीक्षकों की रिपोर्ट एवं मौखिक परीक्षा (वाइवा) के आधार पर विश्वविद्यालय ने उनके शोध कार्य को स्वीकृति दी।
रीता जोशी ने अपना शोध कार्य ग्रामीण प्रौद्योगिकी संकाय के अंतर्गत पूर्ण किया। उनका शोध विषय ‘बस्तर एवं जांजगीर-चांपा जिले की महिला स्व-सहायता समूहों की उद्यमशील क्षमताओं का तुलनात्मक अध्ययन (छत्तीसगढ़)’ रहा। इस शोध में उन्होंने दोनों जिलों के महिला समूहों की आर्थिक गतिविधियों, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता की क्षमता का विस्तृत विश्लेषण किया।
उनके शोध कार्य का मार्गदर्शन डॉ. कमल कुमार सेन ने किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उनके परिजनों, मार्गदर्शक तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


