बस्तर
50 सीटर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास भवन का लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 अप्रैल। तोकापाल विकासखंड में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत निर्मित 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास भवन का विधिवत शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। यह छात्रावास भवन शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से आदिवासी बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस परियोजना के निर्माण हेतु कुल 191.51 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी।
लोकार्पण कार्यक्रम में बस्तर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं चित्रकोट विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशेष अतिथि में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबती भंडारी, जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप एवं कामदेव बघेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की आधारशिला है, और आदिवासी क्षेत्रों में छात्राओं के लिए इस प्रकार की सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली बालिकाओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा, जिससे वे अपनी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रख सकेंगी।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह छात्रावास न केवल छात्राओं के लिए रहने की सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा। उन्होंने शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के लिए आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भवन का विधिवत पूजन एवं फीता काटकर उद्घाटन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने छात्रावास भवन का निरीक्षण भी किया और इसकी सुविधाओं की सराहना की। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस छात्रावास में छात्राओं के लिए सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


