बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 अप्रैल। सत्य साई बाबा के महासमाधि दिवस के अवसर पर श्री सत्य साई सेवा समिति, जगदलपुर द्वारा भव्य श्री सत्य साई आराधना महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साई भक्तों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
प्रात:कालीन सत्र में सुबह 5 से 7 बजे तक ऊंकारम, सुप्रभातम, ज्योति ध्यान, नगर संकीर्तन एवं ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्तों ने प्रभात फेरी के माध्यम से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक महानारायण सेवा (भंडारा) एवं आदरांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। सेवा कार्य में समिति के सदस्यों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
सायंकालीन सत्र में 6 बजे से 8 बजे तक विशेष भजन संध्या आयोजित की गई, जिसमें भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भावविभोर हो गया। भक्तों ने भजनों के माध्यम से साई बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस आयोजन में राज्य समन्वयक केएस रमैया, जिलाध्यक्ष संजय वैष्णव, समिति संयोजक मुकेश रायकवार सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम का आयोजन श्री सत्य साई मंदिर सेवा सदन मोती तालाब पारा जगदलपुर में किया गया। समिति द्वारा सभी साई भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों में निरंतर सहभागिता का आग्रह किया गया।


