बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 22 अप्रैल। बोधघाट थाना पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि 21 अप्रैल की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगामुंडा तालाब क्षेत्र में दो व्यक्ति बैग में नशीली दवाएं रखकर बिक्री के लिए मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों—राजेश यादव तेतरखूंटी, जगदलपुर और मोनू गुप्ता जगदलपुरकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल की 300 पत्तियां (कुल 2400 नग) बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 9.60 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 960 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा बरामद सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस आधार पर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।


