बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 अप्रैल। बस्तर जिले के विकासखण्ड दरभा अंतर्गत ग्राम करका में सोमवार को श्रम विभाग द्वारा विशेष पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ वनांचल क्षेत्र के श्रमिकों में उत्साह देखने को मिला।
शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर के व्यक्ति को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही ग्रामीण अपने दस्तावेज लेकर पहुँचने लगे थे। दिनभर चली इस प्रक्रिया के दौरान कुल 62 श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण किया गया, जो अब सीधे तौर पर शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र बन गए हैं।
श्रम पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार इस शिविर में असंगठित क्षेत्र के 29 श्रमिकों का नवीन पंजीयन किया गया, वहीं भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 33 श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण किया गया।
शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को विस्तार से समझाया कि इन कार्डों के माध्यम से उन्हें भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, और पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त होगा। साथ ही ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया गया।


