बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 अप्रैल। ईसाई एकता मंच, बस्तर संभाग के बैनर तले धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग एवं संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किया गया छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 संविधान के मूल अधिकारों के विपरीत है। उन्होंने इस कानून को गैर-संवैधानिक बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की। मंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक के मौलिक अधिकारों की रक्षा करना शासन की जिम्मेदारी है।
धरने के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि यह कानून अल्पसंख्यक समुदाय के हितों की अनदेखी करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस पर पुनर्विचार नहीं करती है, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से सडक़ से लेकर न्यायालय तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे। इस दौरान ईसाई समाज के प्रमुख, पादरीगण, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।