बस्तर

महिला कर्मियों ने अफसर पर मानसिक उत्पीडऩ के लगाए आरोप, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
09-Apr-2026 10:39 PM
महिला कर्मियों ने अफसर पर मानसिक उत्पीडऩ के लगाए आरोप, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला, नारेबाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 9 अप्रैल। दंतेवाड़ा जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के एक अधिकारी पर विभाग की महिला कर्मचारियों द्वारा अनुचित व्यवहार और मानसिक उत्पीडऩ के गंभीर आरोप लगाए जाने से हडक़ंप मच गया है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, महिला कर्मचारियों ने जिला परियोजना अधिकारी वरुण नागेश पर लंबे समय से अनुचित व्यवहार और मानसिक उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। पीडि़तों ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

इधर, इस मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड में आरोपी अधिकारी का पुतला दहन कर नारेबाजी की और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं, आरोपित अधिकारी वरुण नागेश ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश करार दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट