बस्तर

प्रांतीय महासभा में गूंजा प्रथम नियुक्ति से पेंशन का मुद्दा
07-Apr-2026 11:44 PM
प्रांतीय महासभा में गूंजा प्रथम नियुक्ति से पेंशन का मुद्दा

बस्तर से सैकड़ों शिक्षक शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 7 अप्रैल। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा रायपुर में आयोजित प्रांतीय महासभा में शिक्षकों की पेंशन संबंधी मांगें जोर-शोर से उठीं। इस दौरान जगदलपुर सहित बस्तर जिले से सैकड़ों शिक्षक शामिल हुए और प्रथम नियुक्ति से पेंशन की मांग को बुलंद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता संजय शर्मा ने की। प्रदेशभर से आए शिक्षकों और पदाधिकारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा।

मुख्य अतिथि पुरंदर मिश्रा ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इन मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और जल्द ही एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात भी कराई जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि वर्तमान में कई सेवानिवृत्त शिक्षकों को शून्य पेंशन मिल रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने एलबी संवर्ग के शिक्षकों के लिए प्रथम नियुक्ति से सेवा गणना, 20 वर्ष की सेवा पर पूर्ण पेंशन और न्यायालय के निर्णयों के अनुरूप सम्मानजनक पेंशन देने की मांग रखी।

महासभा में शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, क्रमोन्नति व समयमान वेतनमान लागू करने, विभिन्न पदों पर पदोन्नति, विभागीय टीईटी, डीएड व बीएड परीक्षाएं आयोजित कराने जैसी अन्य मांगें भी प्रमुख रूप से उठाई गईं।

कार्यक्रम में बस्तर जिले से प्रवीण श्रीवास्तव, शिव सिंह चंदेल, राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।


अन्य पोस्ट