बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 अप्रैल। आज बिजली दर वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश सह-संगठन प्रभारी (बस्तर) समीर खान ने किया। ज्ञापन कार्यपालन अभियंता के नाम तहसीलदार को सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बिजली दर वृद्धि को वापस लेने की मांग की।
समीर खान ने कहा कि राज्य में बिजली उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ताओं पर दर वृद्धि का प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जुलाई 2025 के बाद फिर से दर बढ़ाने की तैयारी की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बिलों में विभिन्न शुल्क जोड़े जा रहे हैं। साथ ही, बड़े उपभोक्ताओं पर बकाया होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया, जबकि आम उपभोक्ताओं पर सख्ती की जा रही है।
उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति प्रभावित है और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
प्रदर्शन में आरती पटनायक, मंसूर चिश्ती, राकेश कश्यप, मुकेश कश्यप सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


