बस्तर
जगदलपुर, 6 अप्रैल। छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी और प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी की और छात्र अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य सिंह बिसेन ने कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों का अधिकार है और इसे बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नहीं होने से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अनियमितताएं बढ़ रही हैं।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी ने कहा कि वर्ष 2016 से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों और निर्णयों को लेकर आपत्ति जताई।
प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया ने कहा कि छात्र संघ चुनाव बंद करने का निर्णय छात्र हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नहीं होने से छात्र प्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।


