बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 अप्रैल। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का वार्षिक उत्सव कोड़ेनार में बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मांडवी की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की छवि पर तिलक, चंदन, माल्यार्पण एवं श्रीफल फोडक़र की गई। इसके बाद मां सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य शिवा रेड्डी ने बताया कि कोरोना काल में मात्र 35 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ यह विद्यालय आज 350 विद्यार्थियों तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि यहां के छात्र विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जिसमें 14 में से 10 विद्यार्थियों ने पदक हासिल किए हैं।
मुख्य अतिथि विनायक गोयल ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों की यह उपलब्धि गर्व का विषय है और इसमें शिक्षकों की मेहनत का बड़ा योगदान है। वहीं बलदेव मांडवी ने कहा कि शिक्षक जीवन के मार्गदर्शक होते हैं और शिक्षा हमें दुनिया को देखने का सही नजरिया प्रदान करती है।


