बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 3 अप्रैल। हनुमान जन्मोत्सव पर लोहण्डीगुड़ा मण्डल में अटल सदन भवन के निर्माण हेतु भूमिपूजन का आयोजन गुरुवार को किया गया। इस कार्यक्रम में चित्रकोट के विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। पुरोहितों द्वारा शुभ मुहूर्त में भूमि पूजन कराया गया, जिसके पश्चात विधायक श्री गोयल ने नारियल फोडक़र एवं पूजा-अर्चना कर अटल सदन भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने जय श्री राम एवं बजरंगबली के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि अटल सदन भवन का निर्माण क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि यहां युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि यह भवन उनके विचारों एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने का एक छोटा सा प्रयास है।
विधायक श्री गोयल ने आगे कहा कि हनुमान जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस कार्य का शुभारंभ होना अत्यंत शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, भक्ति और सेवा के प्रतीक हैं, और उनके आशीर्वाद से यह भवन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल की सराहना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि अटल सदन भवन बनने से क्षेत्र को एक सशक्त मंच मिलेगा, जहां विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। इससे आपसी समन्वय एवं सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अंत में विधायक विनायक गोयल ने सभी क्षेत्रवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सदैव जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है, और इसी के बल पर वे विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लेते हैं।


