बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 3 अप्रैल। संभाग मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
सुशील मौर्य ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में हाल ही में 195 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पिछले तीन महीनों में कुल 525 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर भी महंगा हुआ है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज कम करने के बावजूद कीमतों में वृद्धि जारी है, जिससे जनता को कोई वास्तविक राहत नहीं मिल रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य तेल, दूध, मावा और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं, जिससे आम आदमी की रसोई का खर्च काफी बढ़ गया है। मौर्य ने कहा कि जो गैस सिलेंडर कभी 400 रुपये में महंगा लगता था, वह अब 900-1000 रुपये तक पहुंच चुका है।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय मनरेगा के माध्यम से रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे कमजोर कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की नीतियों के चलते आर्थिक असमानता बढ़ रही है और देश के संसाधनों पर कुछ पूंजीपतियों का कब्जा होता जा रहा है।
प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


