बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 अप्रैल। जनपद पंचायत दरभा क्षेत्र के लिए विकास और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण दिन रहा, जब चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर कई जनहितकारी योजनाओं का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत पेरमारास के कोकरासपारा में अत्याधुनिक वाटर रिमू (जल शुद्धिकरण इकाई) का विधिवत उद्घाटन किया तथा ग्राम पंचायत करका के माडिय़ापारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नए आवास का भूमिपूजन किया। साथ ही क्षेत्र में पेयजल संकट को देखते हुए पानी टैंकरों के सुचारू संचालन का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी दिए। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत पेरमारास के कोररासपारा में जल शुद्धिकरण इकाई के उद्घाटन से हुई। इस वाटर रिमू प्रणाली के माध्यम से क्षेत्र में उपलब्ध आयरनयुक्त अशुद्ध पानी को शुद्ध कर सुरक्षित एवं मिनरल युक्त पेयजल में परिवर्तित किया जाएगा। विधायक श्री गोयल ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का मूल अधिकार है और इस दिशा में यह पहल क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस तरह की तकनीक ग्रामीण क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसके पश्चात विधायक श्री गोयल ग्राम पंचायत करका के माडिय़ापारा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनने वाले आवास का भूमिपूजन किया। उन्होंने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब परिवार को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए।
इस योजना के माध्यम से न केवल लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिलेगा, बल्कि सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
दिनभर के कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री गोयल ने क्षेत्र में पानी टैंकरों के संचालन का भी जायजा लिया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति है, वहां नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी गांव में पेयजल की कमी न होने पाए और इसके लिए आवश्यक सभी प्रबंध समय रहते किए जाएं।
विधायक श्री गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि दरभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और वे निरंतर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा।


