बस्तर

बस्तर राइडर मीट 4 को, देशभर के बाइकर्स व विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागी होंगे शामिल
30-Mar-2026 10:32 PM
बस्तर राइडर मीट 4 को, देशभर के बाइकर्स व विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागी होंगे शामिल

 स्थानीय रीति-रिवाज, पहनावा और खानपान के माध्यम से किया जाएगा स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 30 मार्च। बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘बस्तर राइडर मीट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के बाइकर्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागी शामिल होंगे। आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्यक्रम बस्तर को एक बड़े मंच पर प्रस्तुत करने की कोशिश है, ताकि यहां की संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय पहचान को देशभर में फैलाया जा सके। इस तरह का पहला आयोजन है, जिसे हर साल अलग-अलग स्थानों पर आयोजित करने की योजना बनाई गई है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों जैसे महाराष्ट्र, ओडिशा, हैदराबाद और अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बाइकर्स के आने की संभावना है। कुछ प्रतिभागियों के विदेश से जुडऩे की भी जानकारी सामने आई है। आयोजकों के अनुसार लगभग एक हजार लोगों की भागीदारी का अनुमान है, जिसमें सैकड़ों बाइकर्स के साथ दर्शक भी शामिल होंगे। यह आयोजन बस्तर के पर्यटन को बढ़ावा देने और बाहरी लोगों को यहां की विविधता से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।

आयोजन में बस्तर की परंपरा और संस्कृति को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। मेहमानों का स्वागत स्थानीय रीति-रिवाज, पहनावा और खानपान के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक व्यंजन भी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही बस्तर के कलाकारों, रैपर्स, सिंगर्स और डांसर्स को मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।

कार्यक्रम में बस्तर के ऐसे प्रतिभाशाली लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा, जो लंबे समय से क्षेत्र के लिए काम कर रहे हैं। इसमें सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, लेखक, कलाकार और अन्य रचनात्मक लोग शामिल हैं। आयोजकों का उद्देश्य है कि इन प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिले और वे आगे भी बस्तर को देश और दुनिया तक पहुंचाने का काम करते रहें।

इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण डर्ट बाइक रेस और विभिन्न बाइकिंग गतिविधियां होंगी, जिसमें प्रोफेशनल राइडर्स हिस्सा लेंगे। इसके अलावा आर्म रेसलिंग, स्लो बाइक रेस और अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव म्यूजिक, रॉक बैंड और डीजे जैसी गतिविधियां भी होंगी, जिससे पूरा दिन मनोरंजन और रोमांच से भरपूर रहेगा।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम 4 अप्रैल को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा। इसमें प्रवेश के लिए निर्धारित शुल्क रखा गया है, जिसके बदले प्रतिभागियों को विभिन्न सुविधाएं और उपहार दिए जाएंगे।

साथ ही सडक़ सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया जाएगा। प्रशासन और यातायात विभाग के सहयोग से यह आयोजन बस्तर को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट