बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 28 मार्च। सुकमा जिले के दोरनापाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरपल्ली में शुक्रवार को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन कैम्प एवं मेडिकल कैम्प का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के कल्याण, क्षेत्रीय विकास तथा सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना रहा।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ सेक्टर के महानिरीक्षक शालीन एवं सुकमा रेंज के उपमहानिरीक्षक ऑपरेशन आनंद सिंह राजपुरोहित के मार्गदर्शन में 131वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कमांडेंट दीपक कुमार साहू, द्वितीय कमान अधिकारी अमित प्रकाश, सहायक कमांडेंट आनंद त्रिपाठी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गेब्रियल टाये उपस्थित रहे।
कैम्प में देवरपल्ली सहित आसपास के गांवों—देवपरल्ली और कुम्हारपदार—से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों को उनकी दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लुंगी, साड़ी, स्टील के बर्तन, गमछा, छाता और मच्छरदानी जैसी उपयोगी वस्तुएं वितरित की गईं।
बच्चों के शैक्षणिक प्रोत्साहन हेतु स्कूल बैग, पेंसिल बॉक्स और नोटबुक प्रदान किए गए, वहीं युवाओं को खेल सामग्री जैसे क्रिकेट किट और वॉलीबॉल उपलब्ध कराई गई। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकें। इसके अलावा सामुदायिक उपयोग के लिए वाटर डिस्पेंसर भी प्रदान किया गया।
मेडिकल कैम्प के दौरान ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आपसी विश्वास और सहयोग में वृद्धि होती है।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।


