बस्तर

सीआरपीएफ का सिविक एक्शन ग्रामीणों को सामान वितरित
19-Mar-2026 4:35 PM
सीआरपीएफ का सिविक एक्शन ग्रामीणों को सामान वितरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 19 मार्च। सुकमा जिले के ग्राम एल्मागुड़ा में बुधवार को 131वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट  दीपक कुमार साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस कार्यक्रम में एल्मागुड़ा, मुरियापारा, भाटपारा, मिसिपारा, रेंगापारा, पटेलपारा और जूपारा के ग्रामीण सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। यहां सहायक कमांडेंट संजय कुमार और निरीक्षक जीडी सौमेन अदक के नेतृत्व में टीम ने जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित मीणा और डॉ. गैब्रियल ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों का इलाज कर उन्हें आवश्यक दवाइयां दी गईं। साथ ही मलेरिया से बचाव और समय पर इलाज कराने के लिए जागरूकता भी फैलाई गई।

इस अवसर पर सभी उपस्थित ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

गौरतलब है कि चिंतागुफा थाना क्षेत्र का एल्मागुड़ा गांव कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता था। लेकिन यहां सीआरपीएफ कैंप स्थापित होने के बाद सुरक्षा और विकास के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों द्वारा लगातार ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

सीआरपीएफ ने कहा कि सिविक एक्शन प्रोग्राम और स्वास्थ्य शिविर उनके नियमित प्रयासों का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक मदद पहुंचाना है।

 उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की सुरक्षा, विकास और समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।


अन्य पोस्ट