बस्तर

मां-बेटी की जोड़ी ने एक साथ खेलकर रचा इतिहास
14-Mar-2026 3:55 PM
मां-बेटी की जोड़ी ने एक साथ खेलकर रचा इतिहास

किलेपाल में महिला क्रिकेट मैच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 14 मार्च। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बास्तानार ब्लॉक मुख्यालय के बड़े किलेपाल हाई स्कूल मैदान में आयोजित महिला क्रिकेट मैच ने एक अनोखा इतिहास रच दिया। इस खास आयोजन में ब्लॉक की बड़ी संख्या में महिलाएं एक मंच पर एकत्रित हुईं और पूरे उत्साह के साथ क्रिकेट खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस मैच की सबसे खास बात यह रही कि इसमें मां-बेटी की दो जोडिय़ों ने मैदान में उतरकर सबका ध्यान आकर्षित किया। कोड़ेनार दबंग टीम की ओर से माधुरी भास्कर (37 वर्ष) बतौर बल्लेबाज और उनकी बेटी साक्षी भास्कर (15 वर्ष) बतौर ऑलराउंडर एक ही टीम से खेलीं। वहीं शिक्षा वॉरियर्स टीम से लल्ली डेविड (35 वर्ष) और वेलनेस टीम में उनकी बेटी सारा डेविड (9 वर्ष) मैदान में नजर आईं। मां-बेटी की इन जोडिय़ों ने दर्शकों के बीच उत्साह और गर्व का माहौल बना दिया।

इस ऐतिहासिक आयोजन में शिक्षकों और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसकी सभी ने जमकर सराहना की। जनपद पंचायत अध्यक्ष महावती मंडावी ने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी लगातार किए जाएंगे और इन्हें और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में शिक्षिका अनीता सिंह, रीठा साहू और जसमुद्दीन दुग्गे की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। किलेपाल निवासी शिक्षिका अनीता सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पिछड़े ब्लॉक की छवि को बदलना और हर क्षेत्र में लोगों को आगे लाना है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट