बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के राज्य बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट केवल आँकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पौने तीन करोड़ जनता की आकांक्षाओं को पूर्ण करने वाला संकल्प पत्र है, यह बजट भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली का जीता-जागता उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यह बजट भ्रष्टाचार के गढ़ बन चुके पिछले शासन के गड्ढों को भरने और छत्तीसगढ़ को विकास की सुपरफास्ट ट्रैक पर ले जाने वाला है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तकनीक और पारदर्शिता के साथ जो वित्तीय ढाँचा तैयार किया है, वह छत्तीसगढ़ को देश के टॉप राज्यों में शुमार करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आहूत पत्र वार्ता में बजट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते कहा कि हमारी सरकार का पहला बजट ज्ञान पर आधारित था और दूसरा गति पर, इस वर्ष का बजट संकल्प की थीम पर आधारित है, यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
श्री देव ने कहा कि बजट में राज्य के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए सरकार ने 5 विशेष मिशनों की घोषणा की है, जो भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं- सडक़ों, पुलों और भवनों के आधुनिक निर्माण के लिए मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, प्रदेश को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अग्रणी बनाने हेतु मुख्यमंत्री एआई मिशन, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, युवाओं को जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बनाने हेतु मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिश और खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन। श्री देव ने मजबूत अर्थव्यवस्था के प्रामाणिक आँकड़ों को रेखांकित कर कहा कि छत्तीसगढ़ की जीएसडीपी 12 प्रतिशत की दर से बढक़र 7,09,553 करोड़ रुपए होने का अनुमान है, पूंजीगत व्यय में 63 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्शाती है कि सरकार राज्य में संपत्ति निर्माण पर निवेश कर रही है। राज्य का स्वयं का कर राजस्व 14 प्रतिशत बढक़र 52,000 करोड़ रुपए होने का अनुमान है।


