बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 फरवरी। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बोधघाट थाना पुलिस ने 42.431 किलोग्राम अवैध गांजा, एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 21,21,550 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 23 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक सिल्वर रंग की कार ओडी 02 के 8007 में गांजा की बड़ी खेप जगदलपुर सप्लाई के लिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एनएच-63 स्थित आड़ावाल के पास नाकाबंदी की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ के दौरान भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट से भूरे टेप से लिपटे कुल 8 पैकेटों में 42.431 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। आरोपियों के पास से 2,200 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।वाहन की कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी बाल्बो उर्फ बल्लब भत्तरा और अमरज्योति हिरन दोनों निवासी ओडिशा के थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 24 फरवरी को आरोपियों को माननीय विशेष न्यायालय (एनडीपीएस), जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के मार्गदर्शन में की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी है।


