बस्तर

हिंगलाजिन मंदिर में चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार, फरार की तलाश
21-Feb-2026 9:46 PM
हिंगलाजिन मंदिर में चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार, फरार की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 21 फरवरी। बकावंड पुलिस ने गिरोला स्थित हिंगलाजिन माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन एवं 3,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।

7-8 सितंबर 2025 की रात्रि लगभग 10 बजे से प्रात: 6 बजे के मध्य गिरोला गांव स्थित हिंगलाजिन माता मंदिर से अज्ञात आरोपियों द्वारा दो सोने के हार, एक सोने की नथनी एवं एक छोटा चांदी का मुकुट चोरी कर लिया गया था।

इस संबंध में थाना बकावंड में अपराध क्रमांक 53/25, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बस्तर पुलिस अधीक्षक द्वारा अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु इनाम की घोषणा की गई थी। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया जा रहा था। जांच के दौरान एक विशेष टीम को ओडिशा राज्य भी भेजा गया।

21 फरवरी को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओडिशा सीमा से लगे धरनीगुड़ा-कोरटा गांव के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नवीन हरिजन उर्फ बुद्दू किरमागुड़ा थाना बिसिंगपुर वर्तमान निवासी ग्राम डबली कोटा थाना जयपुर जिला कोरापुट ओडिशा बताया।

आरोपी ने अपने साथियों टूना हरिजन एवं माधव हरिजन के साथ मिलकर मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली गई थी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शेष आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट