बस्तर

साढ़े 14 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
21-Feb-2026 9:49 AM
साढ़े 14 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 20 फरवरी। टाहकापाल में 300 मीटर सीसी सडक़ निर्माण 9.57 लाख रुपये तथा 200 मीटर नाली निर्माण कार्य 5 लाख रुपये का विधिवत भूमिपूजन शुक्रवार को किया गया। कुल 14.57 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इन विकास कार्यों का शुभारंभ चित्रकोट विधायक विनायक गोयल के करकमलों से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भूमिपूजन के अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन और स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि सीसी सडक़ के निर्माण से बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा ग्रामीणों को आने-जाने में सुगमता होगी।

विधायक ने आगे कहा कि नाली निर्माण कार्य से जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो तथा तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से सडक़ और नाली की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से गांव की तस्वीर बदलेगी और दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ेगी। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को इससे काफी लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जनपद एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्र के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा स्वीकृत विकास योजनाएं ग्रामीण अंचलों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। टाहकापाल में प्रारंभ हुए ये निर्माण कार्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम हैं।

विधायक विनायक गोयल ने अंत में कहा कि वे क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं और आगे भी सडक़, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप, जिला मंत्री रैतुराम बघेल, जनपद अध्यक्ष रामबती भण्डारी, मण्डल अध्यक्ष सोमारू राम कश्यप, मण्डल उपाध्यक्ष मिटकुराम बघेल, सरपंच पिला राम बघेल, उपसरपंच अनिता सेठिया, चन्द्रकांत भण्डारी, जिवनाथ मौर्य जी, गुलाब ठाकुर, ललुराम कश्यप, मुन्ना कश्यप, शिव सुर्यवशी, रमेश मण्डावी, पारो कश्यप, जयदेव पोयाम, पीलुराम, सम्पत, दयमती कश्यप, मंगली कश्यप, रमेश मण्डावी, हेमंत सेठिया, बोंगी, थबीर मण्डावी, एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट