बस्तर

मेले से लौट रहे युवक की सडक़ हादसे में मौत
11-Feb-2026 10:54 PM
मेले से लौट रहे युवक की सडक़ हादसे में मौत

दंतेवाड़ा जिले के भोगाम गांव के पास हादसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर /दंतेवाड़ा, 11 फरवरी। दंतेवाड़ा जिले के फरसपाल थाना क्षेत्र अंतर्गत भोगाम गांव के पास बीती रात हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी परिजनों को सुबह तब लगी, जब वहां से गुजर रहे लोगों ने नाले में युवक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए फरसपाल थाना प्रभारी ने बताया कि गीदम के हाउरनार निवासी राहुल वेन्जाम बीती रात अपने दोस्तों के साथ फरसपाल गांव में आयोजित मेले में शामिल होने गया था। मेले से लौटते समय भोगाम गांव के पास अचानक एक मोड़ पर उसने बाइक से नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक सडक़ किनारे स्थित नाले में जा गिरी।

रात होने के कारण कोई भी उसे देख नहीं पाया। नाले में पूरी रात पड़े रहने के कारण उसकी मौत हो गई। सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजर रहे थे, तब उन्होंने बाइक और युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


अन्य पोस्ट