बस्तर

सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में महंगे इलाज का विरोध, कांग्रेस का प्रदर्शन
05-Feb-2026 11:17 PM
सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में महंगे इलाज का विरोध, कांग्रेस का प्रदर्शन

जगदलपुर, 5 फरवरी। डिमरापाल स्थित सुपर स्पेशलिस्ट कॉन्टिनेंटल अस्पताल में इलाज की ऊंची दरों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने अस्पताल के सामने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बस्तर क्षेत्र के मरीजों से इलाज के नाम पर अधिक शुल्क लिया जा रहा है।

डिमरापाल में स्थापित यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल राज्य सरकार और एनएमडीसी के सहयोग से बनाया गया है, जिसका संचालन कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अस्पताल में भर्ती शुल्क और विभिन्न जांचों के लिए निर्धारित दरें आम लोगों की पहुंच से बाहर हैं, जिससे गरीब और ग्रामीण मरीजों को कठिनाई हो रही है।

कांग्रेस का आरोप है कि अस्पताल में एडमिशन शुल्क के रूप में एक हजार रुपये तथा विभिन्न मेडिकल जांचों के लिए अलग से अधिक राशि ली जा रही है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पहले यह बताया गया था कि यहां इलाज सीजीएचएस की दरों पर किया जाएगा, जिससे आयुष्मान कार्डधारी और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत मिलेगी।  लेकिन वर्तमान में मरीजों से ली जा रही राशि इस घोषणा के अनुरूप नहीं है।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य और पूर्व विधायक रेखचंद्र जैन ने किया। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल परिसर पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन तथा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने जमीन पर बैठकर भी विरोध जताया।

प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया था।

इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि अस्पताल में इलाज की दरों की समीक्षा की जाए और गरीब मरीजों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


अन्य पोस्ट