बस्तर
मां की मौत का आरोप लगा कुल्हाड़ी से हमला, 48 घंटे में पकड़ाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर/दंतेवाड़ा, 5 फरवरी। दंतेवाड़ा जिले से अंधविश्वास से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जादू-टोना के संदेह में एक भतीजे ने अपने ही चाचा की कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 फरवरी को थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम पोन्दुम-2, गोटखुटापारा में कोसा मण्डावी (50 वर्ष) का शव उसके घर के आंगन में खून से लथपथ अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान परिजनों एवं ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक के भतीजे मुड़ा उर्फ मनकू मण्डावी को यह संदेह था कि उसकी मां सुकड़ी मण्डावी की मृत्यु उसके चाचा कोसा मण्डावी द्वारा किए गए जादू-टोना के कारण हुई है। इसी शक और नाराजगी के चलते आरोपी ने मौका पाकर अपने चाचा के सिर और कंधे पर टंगिया से जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान 4 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोन्दुम-जारम के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना पर दंतेवाड़ा पुलिस एवं डीआरजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टंगिया तथा **खून से सना हाफ नेकर भी जब्त किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जादू-टोना के संदेह में हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी प्रकार के संदेह या विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है।


