बस्तर
कोतवाली व बोधघाट क्षेत्र में पुलिस का सघन अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 फरवरी। बस्तर जिले के कोतवाली व बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर टीम ब्लैक पैंथर द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के तहत 8 मोटरसाइकिलों पर सवार 16 जवानों की विशेष टीम गठित की गई, जिन्होंने आउटर कॉलोनियों के साथ-साथ स्कूल–कॉलेज मैदानों, गलियों और प्रमुख चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की गहन जांच की।
कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेज मैदानों, गलियों और चौराहों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा सार्वजनिक एवं अवैध स्थानों पर शराब और गांजा सेवन करने वालों पर भी नियमानुसार कार्यवाही की गई।
पुलिस टीम ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों की जांच कर संबंधित वाहनों पर भी कार्रवाई की। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


