बस्तर

144 छात्राओं को मिली साइकिल
28-Jan-2026 3:12 PM
144 छात्राओं को मिली साइकिल

 शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी कुंजी-विधायक विनायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 28 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत कल बास्तानार ब्लॉक के किलेपाल स्कूल परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चित्रकोट विधायक विनायक गोयल के करकमलों से 144 छात्राओं को सायकल का वितरण किया गया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना तथा बालिका शिक्षा को मजबूती प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक विनायक गोयल ने छात्राओं को सायकल प्रदान करते हुए कहा कि सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। सायकल मिलने से छात्राओं की विद्यालय तक नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे छात्राओं को आगे बढऩे के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करें।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं के चेहरे पर सायकल प्राप्त करने की खुशी साफ झलक रही थी। छात्राओं ने बताया कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगी। अभिभावकों ने भी शासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को नई दिशा दे रही है।

  बास्तानार ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में निम्नानुसार सायकलों का वितरण किया गया- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम किलेपाल में 6 सायकल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बास्तानार में 7 सायकल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागमुण्डी पनेडा में 2 सायकल, शासकीय हाई स्कूल तिरथुम में 2 सायकल, शासकीय कन्या हाई स्कूल किलेपाल में सर्वाधिक 50 सायकल, शासकीय कन्या कस्तूरबा गांधी विद्यालय बास्तानार में 29 सायकल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुरांगुर में 13 सायकल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पालानार में 8 सायकल, शासकीय हाई स्कूल लालागुड़ा में 7 सायकल, शासकीय हाई स्कूल बड़े काकलूर में 1 सायकल, शासकीय हाई स्कूल कुमापारा में 6 सायकल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मूतनपाल में 13 सायकल का वितरण किया गया। इस प्रकार कुल 144 सायकल छात्राओं को प्रदान की गईं।


अन्य पोस्ट