बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर/दंतेवाड़ा, 20 दिसंबर। दंतेवाड़ा जिले में टीवीएस शोरूम के सामने शुक्रवार दोपहर एसडीओपी पर हमला किया, जिसमें वे घायल हो गए। मामले में एक महिला और एक युवक को आरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा दोनों को हिरासत में लिया गया है।
घायल एसडीओपी तोमेश वर्मा (39 वर्ष), निवासी दुर्ग, वर्तमान में सुकमा जिले के जगरगुंडा में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं। घटना के बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में इलाज किया गया, फिर रात को एसडीओपी को बेहतर उपचार के लिए मेकाज में भर्ती किया गया था, जहां शनिवार की सुबह उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेज दिया गया।
एसडीओपी तोमेश वर्मा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 18 दिसंबर की रात तथा 19 दिसंबर की सुबह उनके मोबाइल पर रजनीशा वर्मा नामक महिला के कॉल आए। उनके अनुसार महिला ने एक प्रकरण के संबंध में बातचीत के लिए दंतेवाड़ा में मिलने की बात कही।
एसडीओपी के बयान के अनुसार, 19 दिसंबर को वे शासकीय कार्य से दंतेवाड़ा न्यायालय पहुंचे थे। कोर्ट से लौटते समय रजनीशा वर्मा उनसे मिली और बातचीत के लिए उनके शासकीय वाहन में बैठ गई। वाहन के गीदम रोड की ओर बढऩे के दौरान महिला ने कथित रूप से धारदार चाकू दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी दी। एसडीओपी के अनुसार, महिला ने उनसे खर्च के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग की और इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति से फोन पर संपर्क में भी रही।
एसडीओपी ने बताया कि लगभग 11 से 2 बजे के बीच वे वाहन में बंधक की स्थिति में रहे। वाहन जब बाईपास रोड होते हुए टीवीएस शोरूम के पास पहुंचा, तब एक युवक वाहन के सामने आकर खड़ा हुआ।
एसडीओपी के अनुसार युवक ने वाहन का दरवाजा खोलकर धारदार चाकू से हमला किया, जिससे उनके ठुड्डी और गर्दन के पास चोट आई। उन्होंने आत्मरक्षा में युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को काबू में किया गया।
पुलिस के अनुसार हमले में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान रविशंकर साहू, निवासी रिसाली सेक्टर 128-ए, भिलाई के रूप में की गई है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 119(2), 121(1), 132, 221 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।


