बस्तर
बस्तर में तेज होगी जल, जंगल, जमीन की लड़ाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 दिसंबर। कम्युनिस्ट पार्टी के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जगदलपुर में आज भव्य रैली निकाली गई। राज्य सहसचिव फूलसिंह कचलाम ने कहा कि बस्तर में पार्टी जल, जंगल और जमीन की लड़ाई तेज करेगी।
इसके साथ ही स्थानीय भर्ती को लेकर भी बेरोजगारों के साथ मिलकर संघर्ष तेज करने की बात उन्होंने कही और नारायणपुर जिले में हाल ही में हुई आरक्षक भर्ती की प्रक्रिया में जिले के सिर्फ 7 नवयुवकों को मौका दिए जाने का मसला उठाया।
शताब्दी वर्ष पर बस्तर में भव्य आयोजन किए जाएंगे। इसमें संभाग भर से पार्टी समर्थक जुटेंगे और एक बार फिर से बस्तर में लेफ्ट का आधार मजबूत करने पार्टी जोर लगाएगी। आज कोया कुटमा भवन से रैली की शक्ल में निकले पार्टी पदाधिकारी पुरानी मंडी तक पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ। यहां जनसभा के जरिए कार्यकर्ताओं को पार्टी पदाधिकारियों ने आने वाले समय में पार्टी के बड़े-छोटे एजेंडे से अवगत करवाया। कचलाम ने कहा कि संभाग के दूसरे जिलों में भी प्रदर्शन होगा।


