बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 दिसंबर। शहर के संजय मार्केट में शनिवार की सुबह एक बुजुर्ग का शव देखा गया। घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, जहां मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था, जहां फोटोग्राफी, वीडियो के बाद शव को पीएम के लिए मेकाज भिजवाया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि एक बुजुर्ग का शव संजय बाजार में है, सूचना पर पहुंची टीम ने देखा कि लहूलुहान हालात में एक शव था, उसे देखने से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद बुजुर्ग सोने के लिए जाते समय अचानक से पैर फिसलने के कारण पत्थर में जा गिरा होगा, जिससे कि पत्थर सिर में लगने से लहूलुहान हो गया होगा और सही समय मे किसी ने नहीं देखने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। इसके बाद भी इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने एफएसएल टीम को भी बुलाया, जहां हर बारीकी से फ़ोटोग्राफी करने के साथ ही जांच की जा रही है।
फिलहाल बुजुर्ग की शिनाख्त पथरागुड़ा निवासी बद्री गुप्ता (70 वर्ष) के रूप में की गई है, जो कई वर्षों से संजय मार्केट में ही रहकर ही अपना जीवन बसर कर रहा था। फिलहाल पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी।


