बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव/जगदलपुर, 16 दिसंबर। जन समस्याओं और बुनियादी मुद्दों को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने कोंडागांव में जोरदार प्रदर्शन करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। पार्टी ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया और बाद में ज्ञापन सौंपा। इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की उपस्थिति तथा संभागीय अध्यक्ष नवनीत चांद के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हुए।
धरना स्थल पर जोश और उत्साह के साथ पार्टी नेताओं ने कोंडागांव सहित पूरे बस्तर की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने न केवल कोंडागांव बल्कि समूचे बस्तर के मुद्दों पर शासन-प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बस्तर संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद आज भी विकास से वंचित है, जिसका मुख्य कारण राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी है।
संभागीय अध्यक्ष नवनीत चांद ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थों के चलते असीम संभावनाओं वाला बस्तर आगे नहीं बढ़ पा रहा है। जनप्रतिनिधि केवल मीठी बातें कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने सरकार से कोंडागांव सहित बस्तर की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान करने की मांग की।
वहीं कोंडागांव जिला महामंत्री उदय भंडारी ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली, मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता, धान खरीदी में किसानों को हो रही परेशानियों सहित कई अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया। पार्टी ने संयुक्त बयान जारी कर जिले की समस्याओं को सामने रखा और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा सहित जनता कांग्रेस (जे) के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिला महामंत्री उदय भंडारी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष चाम सिंह कश्यप, बस्तर संभागीय महामंत्री विनोद सोरी, आदि शामिल थे।
जनता कांग्रेस (जे) की 10 सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. मक्का प्रोसेसिंग प्लांट शीघ्र प्रारंभ करने तथा सरकारी समर्थन मूल्य पर सभी क्षेत्रों के किसानों से क्का खरीदी की व्यवस्था। 2. कोंडागांव जिला स्वास्थ्य केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं, उपकरण व डॉक्टरों की भर्ती तथा मेडिकल कॉलेज की स्थापना। 3. धान खरीदी केंद्रों में अनिवार्य पंजीयन के दौरान इंटरनेट व ऐप संबंधी तकनीकी समस्याओं से किसानों को राहत। 4. केशकाल घाट एवं केशकाल नगर पंचायत अंतर्गत सडक़ों का नवनिर्माण। 5. नारायणपुर-कोंडागांव निर्माणाधीन सडक़ की गुणवत्ता जांच तथा भानुप्रतापपुर-नारायणपुर-ओरछा-कोंडागांव मार्ग पर भारी लोहा परिवहन वाहनों पर सडक़ निर्माण पूर्ण होने तक प्रतिबंध। 6. जिले के सभी वन ग्रामों में विवादित वन अधिकार पट्टों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को पट्टा प्रदान करना। 7. अवैध रेत उत्खनन एवं खनिज परिवहन पर सख्त कार्रवाई। 8. विभिन्न ब्लॉकों में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास, वृद्धा पेंशन एवं पट्टा उपलब्ध कराना। 9. तकनीकी शिक्षा के लिए पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना। 10. बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थायी रोजगार व स्वरोजगार उपलब्ध कराने हेतु उद्योगों की स्थापना तथा शासकीय-निजी भर्तियों में 100त्न स्थानीय आरक्षण।


