बस्तर

मतदाता सूची हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है- विनायक
08-Dec-2025 10:49 PM
मतदाता सूची हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है- विनायक

एसआईआर पुनरीक्षण अभियान पर बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 8 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी तोकापाल मंडल के कार्यालय में सोमवार को एसआईआर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विभिन्न रणनीतियों और कार्ययोजनाओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र के चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने की।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और बूथ प्रभारियों को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि मतदाता सूची हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ घर-घर संपर्क कर यह सुनिश्चित करें, कोई भी नाम छूटने न पाए और जिन नागरिकों के नाम किसी कारणवश सूची में नहीं हैं, उन्हें यथाशीघ्र शामिल कराया जाए।

विधायक ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह अभियान मात्र प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में शुद्धता और सम्पूर्णता सुनिश्चित करने से संगठन को भी मजबूती मिलती है और जनता का विश्वास सुदृढ़ होता है। उन्होंने बूथ समितियों, पन्ना प्रमुखों और युवा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे मिशन मोड में काम करते हुए इस पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया। विधायक गोयल ने कहा कि आज स्वदेशी को अपनाना केवल एक आर्थिक विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है।

 उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग बढ़ाएँ और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी बल्कि छोटे उद्यमियों, कारीगरों और ग्रामीण उत्पादकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

 कार्यक्रम में जिला मंत्री रैतुराम बघेल, मंडल अध्यक्ष सोमारू राम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य कामदेव बघेल, पदमनी कश्यप, जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी, उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी, परदेशी कश्यप, चंद्रकांत भंडारी, मिटकु राम बघेल सहित काफी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट