बस्तर

बुनियादी सुविधाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता-महेश कश्यप
21-Nov-2025 4:07 PM
 बुनियादी सुविधाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता-महेश कश्यप

सडक़ निर्माण का सांसद और विधायक ने किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 21 नवंबर। बास्तानार ब्लॉक के कुम्हारसाडरा क्षेत्र में गुरुवार को विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई, जब बाजार पारा कुम्हारसाडरा से कोलापारा-काकलूर मार्ग लंबाई 8.50 किलोमीटर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन हुआ। इस महत्वपूर्ण सडक़ निर्माण हेतु 894.55 लाख की स्वीकृत राशि मंजूर की गई है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल ने संयुक्त रूप से भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक लोककल्याणकारी योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा सरकार की नीति एवं संकल्प है। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही में सुविधा होगी, साथ ही कृषि उपज, वनोपज और स्थानीय उत्पादों के आवागमन को नई गति मिलेगी।

 

विधायक विनायक गोयल ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मार्ग से न केवल संपर्क व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच भी सुलभ होगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सडक़ निर्माण गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया।

 सभी ने कहा कि सडक़ निर्माण से यह पूरा क्षेत्र आर्थिक और सामाजिक रूप से अधिक सशक्त होगा। समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती महावती मंडावी, जिला पंचायत सदस्य सुश्री पदमनी कश्यप, बास्तानार मंडल अध्यक्ष सुनील कुहरामी, सोमारू राम कश्यप, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष लच्छिन यादव, कमल ठाकुर, गंगा पोडियामी, नारायण सिंह ठाकुर, संतोष ठाकुर, मनोज सेठिया, बामन राम वेट्टी, कोसा राम पोयाम, बदरू पोडियामी, ईश्वर मुचाकी, किरण ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।——---


अन्य पोस्ट