बस्तर
जगदलपुर, 7 मार्च। स्व. बलीराम कश्यप स्मृति शाचिम डिमरापाल में शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए अब तक 90 छात्र-छात्राओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी। राज्य द्वारा दूसरे चरण के काउंसलिंग अभी बची हुई है। दूसरे चरण के काउंसलिंग में 35 छात्रों की भर्ती होने पर 125 सीट प्रथम एमबीबीएस की पूर्ण हो जायेगी।
इसी के साथ महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की शिक्षण का कार्य संचालित हो चुका है। जिसमें एनाटॉमी विभाग द्वारा प्रथम एमबीबीएस के छात्रों को विभाग के शिक्षकों के द्वारा केडावर के समक्ष शपथ दिलवाई गई। उन्हें देहदान से प्राप्त केडावर की चिकित्सा के क्षेत्र में महत्व एवं योगदान के बारे में बताया गया एवं देहदानकर्ता और उनके परिवार के प्रति चिकित्सा शिक्षण में उनके योगदान और सराहनीय कार्य के लिए अपना आभार प्रकट किया।
शपथ में छात्रों को डिसेक्शन के दौरान केडावर के साथ आदर और सम्मान और केडावर से संबंधित जानकारी की गोपनियता बनाये रखने की शपथ दिलवाई गई।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभाग के विभाग प्रमुख डॉ. बीथिका नेल कुमार, डॉ. अंजली, जी. ओव्हाल (प्राध्यापक), डॉ मीत कृष्णा, कनूरी रवि कुमार, डॉ मो अशरफ खान, हुसैन बाबू शेख, डॉ. आयुषी जाधव, डॉ. राजेन्द्र दत्ता एवं विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।


