बस्तर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 28 फरवरी। एनएच-63 पर रविवार की रात दो वाहनों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई, जिससे दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही कोडेनार पुलिस ने मौके पर पहुँच शव को बाहर निकाला गया। सड़क हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर जाम लग गया था। पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद यातायात को बहाल किया।
कोडेनार थाना प्रभारी विकास राय ने बताया कि बास्तानार के पास किलेपाल 3 में रविवार की शाम 7.30 बजे के लगभग जगदलपुर से गैस सिलेंडर से भरी वाहन गीदम की ओर जा रही थी, जबकि दंतेवाड़ा से जगदलपुर की ओर एक लोहा गिट्टी से भरी वाहन आ रही थी, जैसे ही वाहन आमने-सामने टकराई, दोनों वाहनों के चालक वाहन में दब गए।
हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन के चालक को अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क में दोनों ओर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने बहाल किया, वहीं मरने वाले दोनों चालकों का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को मरचुरी में रखवा दिया है, और वाहन के मालिकों का पता करके चालकों की पतासाजी की जा रही है।


