बस्तर

गरीबों को न्याय दिलाने 10 मंडलों में भाजपाइयों ने दिया धरना
06-Feb-2022 10:37 PM
गरीबों को न्याय दिलाने 10 मंडलों में भाजपाइयों ने दिया धरना

राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 फरवरी।
प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर गरीब परिवारों से की गयी धन उगाही मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार आक्रामक रूख बनाये हुए हैं। कांग्रेसी पार्षद के खिलाफ अविलंब एफआईआर दर्ज करने व पीडि़त परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा ने गत दिनों जिले के सभी दस मंडलों में एक साथ धरना प्रदर्शन किया व धरने के बाद राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

सभी मण्डलों में धरना कार्यक्रम का नेतृत्व करने भाजपा द्वारा वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय की गयी थी। अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, डॉ. सुभाऊ कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना ने केन्द्र सरकार की महती योजना के नाम गरीबों से धोखाधडी़ व धन उगाही को लेकर कांग्रेस राज्य सरकार को जमकर घेरा व इसे कांग्रेसी कुशासन बताया। गौरतलब है कि बोधघाट थाने के सामने पीडि़त परिवारों के साथ उन्हें न्याय दिलाने भाजपा बीते सोलह दिन से लगातार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी हुई हैं।

दस मण्डलों के धरना कार्यक्रम में भानपुरी में पूर्व मंत्री केदार कश्यप,  बकावण्ड में दिनेश कश्यप, करपावण्ड में डॉ.सुभाऊ कश्यप, नगरनार में संतोष बाफना, बस्तर में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी, दरभा में पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, तोकापाल में विद्याशरण तिवारी,नानगूर में रामाश्रय सिंह,बास्तानार में समुंदसाय कच्छ व लोहण्डीगुड़ा में नरसिंह राव प्रमुखता से मोर्चे पर थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं की शह पर गरीबों को लूटने का कारोबार चल रहा है। गरीब परिवारों को छत मुहैया कराने के नाम पर उनसे धोखाधडी़ की जा रही है। यह बहुत ही गंभीर विषय है। भारतीय जनता पार्टी पीडि़त गरीबों को न्याय दिलाने के लिये कांग्रेस राज्य सरकार के कुशासन के खिलाफ लडा़ई लड़ रही है।

 


अन्य पोस्ट